फकीराग्राम में बीटीसी सरकार की पांच योजनाओं का शुभारंभ
-लाभार्थियों के बीच चेक एवं भूमि का पट्टा वितरण
कोकराझार (असम), 25 फरवरी (हि.स.)। कोकराझार जिले के फकीराग्राम पुराना बाजार खेल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में बीटीसी सरकार द्वारा पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औपचारिक रूप शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विभिन्न वर्गों के लाभार्थियों के बीच आर्थिक सहायता के चेक एवं भूमि पट्टा का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि चुनाव के दौरान बीपीएफ दल द्वारा जनता से किए गए वादों के अनुरूप भूमि पट्टा वितरण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहयोग, बेरोजगार युवक-युवतियों को वित्तीय सहायता, वरिष्ठ नागरिकों को अनुदान तथा दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक योजना के तहत पांच-पांच लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त पांच स्वयं सहायता समूहों को भी आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इस प्रकार पांचों परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सरकार के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही फकीराग्राम परिषद् क्षेत्र के एमसीएलए एजामुल हक, फकीराग्राम नगर पालिका के अध्यक्ष सुल्तान आलम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में मौजूद थे। वक्ताओं ने सरकार की जनकल्याणकारी पहलों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में विकास योजनाओं को और सशक्त रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके जीवन एवं आजीविका में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

