फकीराग्राम में वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित
कोकराझार (असम), 07 मार्च (हि.स.)। कोकराझार जिले के फकीराग्राम में आज बोड़ोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) सरकार की पहल पर वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। फकीराग्राम परिषदीय क्षेत्र के एमसीएलए एजामुल हक के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के कई वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कोकराझार में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री की आगामी सभा के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी द्वारा चुनाव के समय जनता से किए गए पांच प्रमुख वादों का भी उल्लेख किया गया। इन वादों के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने चुनाव के समय भूमि पट्टा वितरण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहयोग, बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता, वरिष्ठ नागरिकों को सहायता तथा विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को आर्थिक सहयोग देने का वादा किया था। इसी कार्यक्रम के तहत आज इस बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कुल 50 वरिष्ठ नागरिकों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर एमसीएलए के अलावा बीपीएफ केंद्रीय समिति के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। साथ ही फकीराग्राम ब्लॉक समिति के महासचिव पुलकेश राय, फकीराग्राम ब्लॉक युवा बीपीएफ के अध्यक्ष कमाल हुसैन और फकीराग्राम ब्लॉक महिला समिति की अध्यक्ष पूर्णा चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

