home page

तावांग में कामर्शियल वाहनों की औचक जांच शूरू

 | 

इटानगर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग ज़िले की पुलिस ने 'ऑल अरुणाचल प्रदेश पब्लिक ट्रांसपोर्ट फ़ेडरेशन' की तवांग यूनिट और उसके सदस्यों ने मिलकर, शुक्रवार से ज़िले में कामर्शियल वाहनों की औचक जांच शूरू की है।

इस जांच अभियान के दौरान, अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए टैक्सी परमिट, इंश्योरेंस के कागज़ात, प्रदूषण सर्टिफिकेट और गाड़ी से जुड़े अन्य ज़रूरी कागज़ात की वैधता की जांच की।

तवांग पुलिस ने कामर्शियल गाड़ियों के मालिकों और ड्राइवरों को सही नंबर प्लेट इस्तेमाल करने के बारे में कड़ी चेतावनी भी दी।

कामर्शियल गाड़ियों पर पीली नंबर प्लेट लगाना ज़रूरी है, और ऑपरेटरों को सलाह दी गई कि अगर वे कमर्शियल गाड़ियों पर सफ़ेद प्लेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन्हें बदल लें।

पुलिस ने कहा कि तवांग में अनुशासन बेहतर करने और सुरक्षित व व्यवस्थित टूरिज़्म ट्रांसपोर्टेशन सुनिश्चित करने की कोशिशों के तहत हर महीने ऐसी जांच की जाएगी।

इस पहल का मकसद अरुणाचल प्रदेश के दूसरे हिस्सों के लिए ज़िम्मेदार ट्रांसपोर्ट प्रैक्टिस का एक उदाहरण पेश करना भी है।

अधिकारियों ने सभी कामर्शियल गाड़ी मालिकों और ड्राइवरों से अपील की कि वे पक्का करें कि पीली नंबर प्लेट सही ढंग से लगी हों और गाड़ी से जुड़े सभी ज़रूरी कागज़ात वैध और अप-टू-डेट हों और सबी नियमों का पालन करे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी