मोरीगांव में लापता युवक का जला हुआ शव शौचालय की टंकी से बरामद, महिला हिरासत में
मोरीगांव (असम), 26 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मोरीगांव जिले के मायंग क्षेत्र में बहा पहाड़ी के ऊपर स्थित एक शौचालय की टंकी से 25 वर्षीय युवक जाहिर इस्लाम का जला हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले एक सप्ताह से लापता था। पुलिस ने मामले में संलिप्तता के संदेह में जेस्मिन नामक एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आज जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मोरीगांव जिले के खालाभूया गांव का निवासी जाहिर इस्लाम ब्रॉयलर मुर्गी फार्म का संचालक था। तीन बच्चों का पिता जाहिर 18 अक्टूबर से लापता था। काफी तलाश के बाद उसके परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान बहा पहाड़ी के ऊपर स्थित शौचालय की टंकी से उसके जले हुए अवशेष बरामद किए गए।
प्रारंभिक आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को जलाया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के कारणों और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस सिलसिले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

