एक जनवरी से पांच दिवसीय कार्यक्रम के साथ आयोजित होगा चानडूबी उत्सव
गुवाहाटी, 20 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण कामरूप के राभा हासोंग स्वायत्तशासी परिषद क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक चानडूबी झील के किनारे आगामी एक जनवरी, 2027 से पांच दिवसीय चानडूबी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव का यह 17वां संस्करण होगा।
आगामी उत्सव की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को पारंपरिक लाइखुटा स्थापना के साथ हुई। कामरूप जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र ने विधिवत लाइखुटा स्थापित कर उत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया।
चानडूबी झील के तट पर आयोजित होने वाला यह उत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच रहा है। हर वर्ष इस उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय परंपराओं और क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।
17वें चानडूबी उत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

