नगांव लोकसभा उपचुनाव की तैयारियों की सीईओ ने की समीक्षा
मोरीगांव (असम), 03 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग गोयल ने शनिवार को मोरीगांव जिले का दौरा कर 09-नगांव संसदीय क्षेत्र के आगामी उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सृष्टि सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निशांत सौरभ की मौजूदगी में जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ ने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के कामकाज तथा आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीमों (एफएसटी) और स्टेटिक सर्विलांस टीमों (एसएसटी) की तैनाती एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारु तरीके से संपन्न कराने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों से निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अद्यतन जानकारी ली।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यजीत चेतिया, सह-जिला आयुक्त अनुराग फूकन, हृदय कुमार दास, अतिरिक्त जिला आयुक्त राकेश डेका, उदय शंकर दत्ता और डॉ. निलाक्षी बैश्य, निर्वाचन अधिकारी गुंजना सैकिया, सहायक आयुक्त अंकिता दत्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक के बाद सीईओ ने जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ मोरीगांव कॉलेज का दौरा किया और निर्धारित स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निशांत सौरभ, सह-जिला आयुक्त हृदय कुमार दास, अतिरिक्त जिला आयुक्त राकेश डेका, निर्वाचन अधिकारी गुंजना सैकिया समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

