गौहाटी विश्वविद्यालय में पांच वर्षीय एकीकृत स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम का केंद्रीय दीक्षा समारोह आरंभ
गुवाहाटी, 10 अगस्त (हि.स.)।
गौहाटी विश्वविद्यालय में पांच वर्षीय एकीकृत स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम का केंद्रीय दीक्षा समारोह आज से आरंभ हुआ। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में असम के पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह और विशिष्ट अतिथि असम गौरव मीनाक्षी दास उपस्थित रहे।
नए सपनों, नई संभावनाओं और ज्ञान की तलाश के साथ उच्च शिक्षा के एक नए अध्याय की शुरुआत के उद्देश्य से सोमवार को गौहाटी विश्वविद्यालय में पांच वर्षीय एकीकृत स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम का केंद्रीय दीक्षा समारोह का शुभारंभ आज संपन्न हुआ।
कक्षाओं के सचिव डॉ. रंजन कुमार काकती के प्रारंभिक भाषण से शुरू हुए इस कार्यक्रम में उद्घाटन भाषण देते हुए कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने कहा कि, “गौहाटी विश्वविद्यालय केवल उच्च शिक्षा का एक संस्थान नहीं है, बल्कि यह असम की एक जीवंत विरासत और उत्तर-पूर्व का प्राचीन ज्ञान केंद्र है। असम की जनता की आकांक्षाओं और भारत रत्न गोपीनाथ बोरदोलोई के दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप स्थापित यह विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और नवाचार के माध्यम से अपनी विरासत को लगातार समृद्ध कर रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि नए छात्र ज्ञान की खोज करेंगे, नए कौशल सीखेंगे और विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए जाने वाले अवसरों का सर्वोत्तम उपयोग करेंगे। हमें पूरी आशा है कि वे गौहाटी विश्वविद्यालय के मूल्यों और परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए असम और देश के विकास में सार्थक योगदान देंगे।”
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, दृढ़ता और जिम्मेदारी की भावना का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें दृढ़ संकल्प, निष्ठा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित असम गौरव पुरस्कार से सम्मानित, फिटनेस ट्रेनर और एडवेंचर बाइकर मीनाक्षी दास ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों को आत्मविश्वास, दृढ़ता और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. धूर्जति शर्मा द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में कुलसचिव प्रोफेसर उत्पल शर्मा, शैक्षणिक कुलसचिव प्रोफेसर राजीव हैंडिक, स्नातकोत्तर छात्र संघ के अध्यक्ष गुंजन डेका, विभिन्न संकायों के डीन, प्रोफेसरों के साथ-साथ अभिभावक और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

