home page

कोकराझार में सीसीआई की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
कोकराझार में सीसीआई की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


कोकराझार में सीसीआई की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


-प्रतिस्पर्धा कानून, निष्पक्ष बाजार व्यवस्था और पारदर्शी सरकारी खरीद पर अधिकारियों को किया गया जागरूक

कोकराझार (असम), 23 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की ओर से बुधवार को कोकराझार जिला प्रशासन के लिए राज्य संसाधन व्यक्ति (एसआरपी) योजना के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया, जिसका उद्देश्य सरकारी अधिकारियों को प्रतिस्पर्धी कानून, निष्पक्ष बाजार व्यवहार तथा प्रतिस्पर्धी सरकारी खरीद प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती के साथ अतिरिक्त जिला आयुक्त, सहायक आयुक्त, विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त डीजीपी उमेश कुमार ने संसाधन व्यक्ति के रूप में भाग लिया, जबकि सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी तनुज गोस्वामी ने गुवाहाटी से वर्चुअल माध्यम से प्रस्तुति दी।

सत्र के दौरान प्रतिस्पर्धी अधिनियम, 2002 के विभिन्न प्रावधानों, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के उद्देश्यों एवं अधिकारों तथा उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और बाजार में समान अवसर सुनिश्चित करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सरकारी खरीद प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया तथा सरकारी संसाधनों के प्रभावी एवं उचित उपयोग की आवश्यकता के बारे में अवगत कराया गया। इस दौरान टायर क्षेत्र में कार्टेल बनाने, सरकारी खरीद में बोली में हेराफेरी तथा ऑटोमोबाइल क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा-विरोधी गतिविधियों से संबंधित विभिन्न प्रवर्तन मामलों को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिला स्तर पर कार्यरत अधिकारियों के बीच प्रतिस्पर्धी कानून के अनुपालन को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा सरकारी प्रक्रियाओं में निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी व्यवस्था को प्रोत्साहित करना था।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा