मूर्च्छना के तत्वावधान में कैंसर की रोकथाम पर जागरूकता सभा आयोजित
बिश्वनाथ (असम), 1 नवंबर (हि.स.)। असम के बिश्वनाथ जिले में बिश्वनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सभागार में कैंसर की रोकथाम और जागरूकता को लेकर एक सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मूर्च्छना के तत्वावधान में बिश्वनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सहयोग से किया गया।
इस कार्यक्रम में कॉटन कॉलेज के दर्शनशास्त्र विभाग की सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष मिनती बरठाकुर विशेषज्ञ वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और वरिष्ठ शिक्षाविदों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मूर्च्छना के सदस्य डॉ. दीपक शर्मा के संचालन में आयोजित सभा में मिनती बरठाकुर, निपू बरठाकुर और बिश्वनाथ की जिला आयुक्त करबी सैकिया करन मंचासीन थीं। इस अवसर पर मिनती बरठाकुर को पारंपरिक फुलम गमछा, सराई, स्मृति चिह्न और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया। अन्य अतिथियों को भी गमोछा भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मिनती बरठाकुर ने कैंसर की रोकथाम, शुरुआती पहचान और जागरूकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने कैंसर की चारों अवस्थाओं से संघर्ष करते हुए बीमारी को मात देने की लड़ाई जारी रखी।
उन्होंने युवा पीढ़ी को मानसिक तनाव से दूर रहने की सलाह देते हुए देश और समाज के लिए निरंतर सकारात्मक कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बिश्वनाथ की जिला आयुक्त करबी सैकिया करन, बिश्वनाथ चारिआलि नगरपालिका के अध्यक्ष अमर ज्योति बरठाकुर, बिश्वनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. ब्यूटी हजारिका, चारू होमियो के डॉ. सरजीत दास, मूर्च्छना के सचिव मरुत बरदलै, डॉ. दिगंत शर्मा सहित जिले के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

