कछार में 151 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त, दो गिरफ्तार
कछार (असम), 31 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कछार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 151 ग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
कछार पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार को दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर लखीपुर थाना क्षेत्र के बिन्नाकांदी में अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक दोपहिया वाहन को रोककर उस पर सवार दो लोगों को हिरासत में लिया।
इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के नौ साबुनदानी में छिपाकर रखी गई संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई। जब्त हेरोइन का कुल वजन लगभग 151 ग्राम बताया गया है।
पुलिस ने दोपहिया वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

