कछार पुलिस ने 70 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त की, दो गिरफ्तार
| Aug 21, 2026, 19:27 IST
कछार (असम), 21 अगस्त (हि.स.)। गुप्त सूचना के आधार पर कछार पुलिस ने सिलचर थाना क्षेत्र के दक्षिण कृष्णापुर गांव स्थित रहमोर दुकान इलाके में एक किराये के कमरे में छापेमारी कर 70 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त कीं। बरामद टैबलेट का कुल वजन करीब 7.6 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कमरा अजमल उद्दीन लश्कर और अजीम उद्दीन लश्कर के कब्जे में था। तलाशी के दौरान सात पैकेटों में रखी संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की गईं।
मामले में अजमल उद्दीन लश्कर (47) और अजीम उद्दीन लश्कर (28), दोनों निवासी सैदपुर पार्ट-1, सिलचर थाना क्षेत्र, कछार जिले को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

