कछार में 14.48 लाख रुपये की अवैध विदेशी शराब जब्त, दो हिरासत में
कछार (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कछार जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कलाइन इलाके में छापेमारी कर विदेशी शराब की 2,472 बोतलें जब्त कीं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 14,48,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कलाइन इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध विदेशी शराब की खेप को परिवहन करते हुए पकड़ा गया। अधिकारियों ने कथित तस्करी के सिलसिले में मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया।
इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान शराब की आपूर्ति के स्रोत तथा तस्करी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त शराब की खेप को मिजोरम सहित पड़ोसी राज्यों में पहुंचाने की योजना थी या नहीं। बताया जाता है कि इस क्षेत्र का इस्तेमाल अवैध सामान की आवाजाही के लिए पारगमन मार्ग के रूप में किया जाता है।
आबकारी विभाग क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और वितरण पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई कर रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

