तामुलपुर और गोरेश्वर में ‘मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान’ के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान
तामुलपुर (असम), 17 सितम्बर (हि.स.)। असम सरकार के उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उद्यम विभाग की पहल पर संचालित ‘मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान’ 1.0 और 2.0 के तहत चयनित लाभार्थियों के बीच गुरुवार को वित्तीय सहायता वितरित की गई। तामुलपुर और गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग आयोजित कार्यक्रमों में गुवाहाटी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की उपस्थिति में आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम का भी वर्चुअल प्रसारण किया गया।
तामुलपुर विधानसभा क्षेत्र के महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं मंत्री विश्वजीत दैमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गोरेश्वर महाविद्यालय प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक विक्टर कुमार दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
‘मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान’ 1.0 के तहत पूर्व की उपलब्धियों और पात्रता के आधार पर लाभार्थियों को अपने व्यावसायिक कार्यों के विस्तार के लिए सरकार की रियायती ऋण योजना के तहत एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। वहीं, अभियान 2.0 के तहत एक लाख रुपये की सरकारी सहायता में पहले 75 हजार रुपये प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को शेष 25 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई।
तामुलपुर (जनजाति) विधानसभा क्षेत्र में अभियान 1.0 के तहत 115 और अभियान 2.0 के तहत 600, कुल 715 लाभार्थियों को सहायता मिली। इसी प्रकार गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्र में अभियान 1.0 के 88 तथा अभियान 2.0 के 677, कुल 765 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,480 लाभार्थी इस सहायता से लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान’ युवाओं के बीच स्वरोजगार के अवसर पैदा करने, व्यावसायिक उद्यमों को बढ़ावा देने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
तामुलपुर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री विश्वजीत दैमारी के अलावा पूर्व पार्षद हेमंत कुमार राभा, जिला आयुक्त सिमी करन, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश बोड़ो सहित पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं गोरेश्वर में विधायक विक्टर कुमार दास के साथ अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमाश्री खनिकर, गोरेश्वर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा पटवारी, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सहायक निदेशक दिव्यज्योति दास तथा पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

