home page

कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर पत्नी का जन्मदिन मनाने पर व्यवसायी गिरफ्तार

 | 
कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर पत्नी का जन्मदिन मनाने पर व्यवसायी गिरफ्तार


गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। ब्रह्मपुत्र नदी पर स्थित कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर पत्नी का जन्मदिन मनाकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आए व्यवसायी गौतम बरुवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, गौतम बरुवा ने अपनी पत्नी करबी बरुवा तथा मित्रों के साथ पुल के ऊपर जन्मदिन समारोह आयोजित किया था। सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार आयोजन किए जाने और यातायात सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले में पुलिस ने गौतम बरुवा के अलावा उनकी पत्नी करबी बरुवा समेत कुल 14 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। साथ ही समारोह में इस्तेमाल की गई व्यवसायी की चार गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर व्यापक प्रतिक्रिया सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए।

गुवाहाटी के डीसीपी (ट्रैफिक) जयंत सारथी बरुवा ने बताया कि यातायात और सार्वजनिक सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश