गुवाहाटी में व्यवसायी का अपहरण, चांगसारी से सुरक्षित बरामद
गुवाहाटी, 11 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी महानगर में व्यवसायी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीरूबारी इलाके से भास्कर मेधी नामक एक व्यवसायी का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। जानकारी के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने उन्हें नगालैंड के नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए थे।
अपहरण के बाद आरोपितों ने व्यवसायी के परिवार से उनकी रिहाई के बदले दो लाख रुपये की फिरौती की मांग की। घटना की सूचना मिलने के बाद बीरूबारी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और अभियान चलाकर चांगसारी स्थित एक गुप्त स्थान का पता लगाया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वहां से भास्कर मेधी को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने कथित अपहरणकर्ताओं इफ्तिकार हुसैन और साहब अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी तथा मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

