चोरी के मामले में एक चोर सहित तीन गिरफ्तार, सोना-चांदी और नकदी बरामद
गुवाहाटी, 31 जुलाई (हि.स.)। ईस्ट गुवाहाटी पुलिस जिला (ईजीपीडी) की दिसपुर थाना पुलिस ने एक अभियान चलाकर एक कथित चोर तथा चोरी का सामान खरीदने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट ने शुक्रवार को इस आशय की जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रुक्मिणीगांव निवासी बिकी पासवान (25), दातालपाड़ा निवासी इसुब अली (26) तथा कालापहाड़ निवासी सुशील मंडल उर्फ बाप्पी (50) के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियान के दौरान चोरी के चांदी के आभूषण, 30 ग्राम पिघला हुआ सोना तथा 66 हजार रुपये नकद बरामद और जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह नकदी चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त राशि होने की आशंका है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

