आठ प्रमुख विभागों के बजट प्रस्तावों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
गुवाहाटी, 27 जून (हि.स.)। असम सरकार के आठ महत्वपूर्ण विभागों के वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों की आज विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई।
असम के वित्त, वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में शनिवार को दिसपुर लोकसेवा भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूंजी के सर्वोत्तम उपयोग को सुनिश्चित करते हुए व्यावहारिक एवं विकासोन्मुख बजट तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाना तथा विकास का लाभ राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है।
मंत्री मल्लबरुवा ने कहा कि राज्य सरकार एक ऐसे यथार्थवादी बजट के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए असम के समग्र विकास को गति प्रदान करे और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के तहत चल रही परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

