पांडु–मालीगांव में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया 2570वां बुद्ध पूर्णिमा उत्सव
गुवाहाटी, 01 मई (हि.स.)। समग्र राज्य के साथ गुवाहाटी में भी हर्ष उल्लास के साथ बुद्ध जयंती उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर हर वर्ष की तरह पांडु बौद्ध विहार समिति के तत्वावधान में 2570वां बुद्ध पूर्णिमा उत्सव धार्मिक श्रद्धा और सांस्कृतिक धूमधाम के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर शुक्रवार को पांडु बौद्ध विहार समिति के अध्यक्ष भंते खेमानंद भिक्षु ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। श्रद्धालु नाम-कीर्तन करते हुए पांडु–मालीगांव के विभिन्न। इलाकों में भ्रमण कर पुनः बौद्ध मंदिर लौटे।
सुबह बौद्ध विहार परिसर में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। ध्वजारोहण समिति के अध्यक्ष भंते खेमानंद भिक्षु ने किया। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठानों के तहत भंतों द्वारा धर्म चर्चा की गई और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शाम को छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वाइस चांसलर डॉ. अमलेंदु चक्रवर्ती, प्रोफेसर डॉ. रमला शर्मा, रीना बरुवा सहित कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने अपने संबोधन में बौद्ध धर्म के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
इसी दिन मालीगांव के शंकरदेव नगर स्थित एक छोटे टीले पर महा करुणिक बौद्ध विहार ट्रस्ट की ओर से 2570वीं बुद्ध जयंती और वैशाखी पूर्णिमा के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बुद्ध जयंती के अवसर पर सुबह ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ध्वजारोहण गुवाहाटी उच्च न्यायालय के प्रख्यात अधिवक्ता एवं समाजसेवी बिजन महाजन ने किया।
अपने संबोधन में बिजन महाजन ने विश्वभर में बुद्ध के धर्म के प्रचार-प्रसार पर प्रकाश डाला। मंदिर के अध्यक्ष भंते भिक्षु शासनप्रिया ने कहा कि यदि सभी लोग धर्म का पालन करने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करें, तो समाज में शांति और समृद्धि सुनिश्चित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

