कोकराझार में 1 से 10 दिसंबर तक आयोजित होगा ‘नॉर्थ ईस्ट नेशनल बुक फेयर, बोडोलैंड–2026’
-पांच साल बाद कोकराझार में फिर सजेगा पुस्तकों का मेला, बीटीसी सरकार और पब्लिशर्स एंड बुक सेलर्स गिल्ड की संयुक्त पहल
कोकराझार (असम), 31 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) क्षेत्र में साहित्यिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करने और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीटीसी सरकार एवं पब्लिशर्स एंड बुक सेलर्स गिल्ड के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 1 से 10 दिसंबर, 2026 तक कोकराझार में दस दिवसीय ‘नॉर्थ ईस्ट नेशनल बुक फेयर, बोडोलैंड–2026’ का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को बीटीसी के शिक्षा विभाग के कार्यकारी सदस्य एवं विधायक रबिराम नार्जारी की अध्यक्षता में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पुस्तक मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एक मजबूत आयोजन समिति का गठन किया गया। इसमें बीटीसी के पूर्व उपमुख्य तथा वर्तमान एमसीएलए काम्पा बोरगयारी को आयोजन समिति का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि नॉर्थ ईस्ट पब्लिशर्स एंड बुक सेलर्स गिल्ड के अध्यक्ष भास्कर दत्ता बरुवा को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा बीटीसी के संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों (सीएचडीएस) को समिति का सदस्य बनाया गया।
बैठक में पुस्तक मेले के आयोजन को लेकर बुनियादी ढांचे के विकास, परिवहन एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, अतिथियों के ठहरने, सुरक्षा, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संबंधित विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाया जा सके।
तैयारी बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बीटीसी के शिक्षा विभाग के कार्यकारी सदस्य एवं विधायक रबिराम नार्जारी, काम्पा बोरगयारी तथा भास्कर दत्ता बरुवा ने संयुक्त रूप से मीडिया को पुस्तक मेले की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी।
इस अवसर पर रबिराम नार्जारी ने कहा कि पांच वर्षों के अंतराल के बाद कोकराझार में नॉर्थ ईस्ट नेशनल बुक फेयर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली बीटीसी सरकार के कार्यकाल में एक भी पुस्तक मेले का आयोजन नहीं हुआ था, जबकि वर्तमान बीटीसी सरकार क्षेत्र में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजनों से विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों में पढ़ने की आदत विकसित होगी। साथ ही लेखकों, प्रकाशकों और पुस्तक विक्रेताओं को अपनी पुस्तकों के प्रदर्शन तथा पाठकों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
आगामी ‘नॉर्थ ईस्ट नेशनल बुक फेयर, बोडोलैंड–2026’ से बोडोलैंड सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के साहित्यकारों, लेखकों, प्रकाशकों, पुस्तक विक्रेताओं, विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को एक साझा मंच मिलने की उम्मीद है। यह पुस्तक मेला साहित्यिक आदान-प्रदान, बौद्धिक विमर्श तथा पुस्तक एवं साहित्य की संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

