बीटीसी परिषद सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आज भव्य समारोह
कोकराझार (असम), 05 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आज बोडोफा नगर स्थित बीटीसी सचिवालय खेल मैदान में दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ भव्य वर्षपूर्ति समारोह आयोजित किया जा रहा है।
वर्षपूर्ति समारोह के प्रथम कार्यक्रम के रूप में बीटीसी प्रमुख हाग्रामा महिलारी ने सुबह दोतमा के थुलुंगापुरी स्थित बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कोकराझार के मोक्रापारा-दियाबारी स्थित बोडोलैंड आंदोलन के शहीद सुजित नार्जारी की समाधि स्थल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात मोहिलारी बोडोफा नगर पहुंचे, जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने बीटीसी सचिवालय मैदान परिसर में स्थित बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण भी किया।
दोतमा के थुलुंगापुरी स्थित बोडोफा की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद महिलारी ने कहा कि बीटीसी के गठन में बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म के योगदान से सभी परिचित हैं। इसलिए हमारी पहली जिम्मेदारी बोडोफा को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। उन्होंने कहा कि बोडोफा की नीति और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार प्रयासरत रहेगी।
उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष के दौरान बीटीसी क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों तथा आगामी दिनों की योजनाओं के बारे में आज आयोजित समारोह के माध्यम से जनता को अवगत कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दोपहर में आयोजित होने वाली सार्वजनिक सभा में असम सरकार के मंत्री जयंत मल्लबरुवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

