बीटीसी सरकार का बड़ा फैसला, एमसीएलए और कार्यकारी सदस्यों के वेतन में 30 प्रतिशत कटौती
कोकराझाड़ (असम), 04 जून (हि.स.)। बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) सरकार ने खर्चों में कटौती के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए एमसीएलए और कार्यकारी सदस्यों के वेतन में 30 प्रतिशत कटौती करने का फैसला किया है।
यह निर्णय कार्यकारी परिषद की बैठक में लिया गया। परिषद ने आगामी छह माह तक इस कटौती को लागू रखने का निर्देश जारी किया है। बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी ने बीती रात बैठक के बाद बताया कि मध्य-पूर्व में युद्ध जैसे हालात और उससे उत्पन्न वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा सरकारी खर्चों में कमी लाने के लिए यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है। परिषद का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है।
बीटीसी प्रशासन ने इसे आपातकालीन व्यय-संकोचन उपाय बताते हुए कहा है कि छह माह बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

