home page

(अपडेट) बीटीसी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर भव्य समारोह आयोजित

 | 
(अपडेट) बीटीसी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर भव्य समारोह आयोजित


कोकराझार (असम), 05 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) सरकार ने सोमवार को अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर कोकराझार स्थित बीटीसी सचिवालय मैदान, बोडोफा नवनगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। दिनभर चले कार्यक्रम में बीटीसी सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों को रेखांकित करने के साथ ही क्षेत्र के आगामी विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत बोडोलैंड आंदोलन के शहीदों और महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी ने दोतमा के थुलुंगापुरी स्थित बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कोकराझार के दियाबारी स्थित मोकरापारा में बोडोलैंड आंदोलन के प्रथम शहीद शहीद सुजीत नार्जरी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महिलारी ने कहा कि आगे बढ़ते हुए हमें अपनी जड़ों, विरासत और उन बलिदानों को कभी नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने हमारी यात्रा को आकार दिया। उनके संघर्ष और दूर दृष्टि आज भी हमें प्रेरणा देते हैं। इसके बाद बीटीसी के उपप्रमुख रिहोन दैमारी ने बीटीसी सचिवालय मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

बीटीसी की सत्ताधारी पार्टी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) सरकार के 365 दिन पूरे होने के अवसर पर महिलारी ने बीटीसी सचिवालय परिसर में कार्यकारी सदस्यों के आवास (एफ-9 और एफ-10) तथा उप सचिवों और संयुक्त सचिवों के लिए ब्लॉक-1, 2 और 3 के आवासीय भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी। इसके अलावा कोकराझार के ग्रीनफील्ड में हेलीपोर्ट निर्माण की भी आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं के पूरा होने से निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ प्रशासनिक कार्यों तथा जनसेवा की प्रभावी डिलीवरी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में असम सरकार के वित्त, पर्यावरण एवं वन आदि विभागों के मंत्री जयंत मल्लबरुवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीटीसी विधानसभा के अध्यक्ष त्रिदीप दैमारी, उपप्रमुख रिहोन दैमारी, बीटीसी के प्रधान सचिव मुकेश चंद्र साहू, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव अरविंद खरे, बीपीएफ और भाजपा के विधायक, कार्यकारी सदस्य एवं एमसीएलए, साहित्य सभा के अध्यक्ष गोपीनाथ बरगयारी सहित वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कोकराझार के आयुक्त पंकज चक्रवर्ती तथा एसएसपी अक्षत गर्ग भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

जनसभा को संबोधित करते हुए बीटीसी प्रमुख महिलारी ने कहा कि एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होना क्षेत्र में शांति, प्रगति और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने भूमि अधिकार के क्षेत्र में सरकार की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 3,000 से अधिक लाभार्थियों को भूमि का पट्टा प्रदान किया जा चुका है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के चाय बागान श्रमिकों को लागू कानूनों के अनुरूप भूमि अधिकार प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

महिलारी ने कहा कि अगले वर्ष तक 5,000 से अधिक रिक्त पदों को भरने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने सड़क सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार कार्य करने की बात कही। उन्होंने घोषणा की कि एपीएससी और यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए बीटीसी की ओर से निःशुल्क कोचिंग सहायता प्रदान की जाएगी। बीटीसी प्रमुख ने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के सहयोग और पहलों के लिए आभार व्यक्त करते हुए निर्वाचित प्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न हितधारकों तथा आम जनता के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर असम सरकार के मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के ‘विकसित असम’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना का विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के विकसित असम इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाने की परिकल्पना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले पांच वर्षों में इस आधारभूत संरचना विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बीटीसी क्षेत्र को मिलेगा। इसके तहत सड़क, पुल, विद्यालय, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, सभागार और स्टेडियम सहित विभिन्न परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, विशेषकर जिला मुख्यालयों में।

मल्लबरुवा ने क्षेत्र में राज्य राजमार्ग नेटवर्क को मजबूत करने, लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने तथा कोकराझार और गेलेफू के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और ‘जियो और जीने दो’ के आदर्श को याद किया।

इससे पहले स्वागत भाषण में बीटीसी के प्रधान सचिव मुकेश चंद्र साहू ने सरकार को एक वर्ष पूरा करने पर बधाई दी और इस दौरान किए गए प्रशासनिक सुधारों तथा पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म के आम लोगों के लिए काम करने के आदर्श ने सरकार के दृष्टिकोण को दिशा प्रदान की है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण तथा कार्यालयी कार्यप्रणाली के आधुनिकीकरण की दिशा में उठाए गए कदमों पर भी प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान बीटीसी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार बीटीसी सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का महिलारी ने विमोचन किया। कार्यक्रम में विभिन्न जातीय समुदायों के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कृषि, संस्कृति, वन, पीएनआरडी और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। मानस राष्ट्रीय उद्यान में अवैध शिकार विरोधी अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के समापन पर बीटीसी सरकार ने क्षेत्र में शांति, एकता, समावेशी विकास और बेहतर जनसेवा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा