बीटीसी सचिवालय में बीटीसी कार्यकारी परिषद की बैठक आयोजित
-बोडोलैंड की मांग पर बीटीसी प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी बोले– ‘क्या बोडोलैंड कोई खिलौना है?’
-बीपीएफ न तो पार्टी के रूप में और न ही सरकार के तौर पर अलग बोडोलैंड राज्य की मांग का समर्थन नहीं करेगी
कोकराझार (असम), 27 नवम्बर (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के प्रमुख हग्रामा मोहिलारी के बयानों में आज नाराजगी और असंतोष का मिला-जुला स्वर देखने को मिला। शुक्रवार को कोकराझार के बोडोफा नगर स्थित बीटीसी सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बीटीसी कार्यकारी परिषद की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मोहिलारी ने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने अलग बोडोलैंड राज्य की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों और नेताओं के बीच चल रही खींचतान पर बिना किसी का नाम लिए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
हालांकि, मीडिया से बातचीत के दौरान मोहिलारी की सबसे तीखी प्रतिक्रिया अलग बोडोलैंड राज्य की मांग को लेकर सामने आई। उन्होंने इस मुद्दे पर विभिन्न संगठनों और नेताओं के बीच जारी प्रतिस्पर्धा तथा अलग-अलग दावों पर सवाल उठाते हुए कहा, क्या बोडोलैंड कोई खिलौना है? उन्होंने कहा कि वह भी बोडोलैंड चाहते हैं, लेकिन मौजूदा समय में नहीं।
अलग राज्य की मांग को लेकर सामने आ रही अलग-अलग आवाजों पर असमंजस जाहिर करते हुए मोहिलारी ने कहा कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि वास्तव में कौन ईमानदारी से इस मांग को उठा रहा है और किसका उद्देश्य कुछ और है। उन्होंने दाओराव डेक्रेब और संसुमा का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि इन दोनों में वास्तविक रूप से बोडोलैंड की मांग को लेकर कौन गंभीर है।
मोहिलारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) फिलहाल न तो एक राजनीतिक दल के रूप में और न ही बीटीसी सरकार के तौर पर अलग बोडोलैंड राज्य की मांग का समर्थन नहीं करेगा। उनके अनुसार, इस समय अलग राज्य की मांग को दोबारा जोर-शोर से उठाने से बोडो और गैर-बोडो समुदायों के बीच फिर से विभाजन की स्थिति पैदा हो सकती है तथा क्षेत्र में अशांति का माहौल बन सकता है। इसी आशंका को देखते हुए उनकी पार्टी फिलहाल इस मांग के पक्ष में नहीं है।
बीटीसी प्रमुख के इन बयानों से एक ओर जहां अलग बोडोलैंड राज्य की मांग को लेकर उनके मौजूदा राजनीतिक रुख का संकेत मिला है, वहीं दूसरी ओर इस मुद्दे पर विभिन्न संगठनों और नेताओं के बीच जारी मतभेदों को लेकर उनकी नाराजगी भी खुलकर सामने आई है।
मोहिलारी ने कहा कि कार्यकारी परिषद की बैठक में भूमिहीन लोगों को खास जमीन आवंटित करने के मुद्दे पर चर्चा की गई। हालांकि, ट्राइबल बेल्ट और ब्लॉक से संबंधित मामलों पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर आगे की प्रक्रिया और निर्णय के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, शिक्षकों एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बीटीसी प्रशासन को टेट शिक्षकों सहित अन्य विभागों के खाली पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार बीटीसी सरकार भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी और योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाएगी।
इस दौरान मोहिलारी ने जरूरतमंद लोगों को बीपीएफ कार्यकर्ताओं द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहते हैं कि पार्टी के पास सहायता वितरण का कोई उचित सिस्टम नहीं है। इस पर पलटवार करते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस तरह की व्यवस्था अपनाई जानी चाहिए?
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, क्या लोगों को पैसे बांटते समय गमछा, धोती और लुंगी पहनकर जाना चाहिए? मोहिलारी ने स्पष्ट किया कि वह लोगों को आर्थिक सहायता देने के लिए अपनी निजी जमीन, संपत्ति या अन्य व्यक्तिगत संसाधन नहीं बेच रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं जनता का पैसा जनता को वापस दे रहा हूं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जरूरतमंद लोगों को इसी तरह आर्थिक सहायता प्रदान करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

