बीटीसी कार्यकारी परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय
कोकराझार (असम), 16 सितम्बर (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) की कार्यकारी परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को परिषद सचिवालय के सभागार में बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भूमि मूल्यांकन समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी ने बताया कि सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों में भूमि के मूल्यांकन अथवा वैल्यूएशन को लेकर अधिक दर निर्धारित किए जाने की चर्चा पर बैठक में विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि इस विषय की पुनः समीक्षा करने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को सौंपी गई है और जल्द ही इसका उचित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बोडोलैंड विश्वविद्यालय में छह नए विषय अथवा विभाग शुरू करने के लिए असम सरकार के शिक्षा विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्तावित विषयों में शारीरिक शिक्षा, समाजशास्त्र, डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेरिकल्चर, फाइन आर्ट्स तथा लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन सर्विसेज शामिल हैं। इसके अलावा नेपाली एमआईएल, हिंदी एमआईएल और बंगाली एमआईएल शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है।
बीटीसी प्रमुख ने वन विभाग में पूर्ववर्ती यूपीपीएल सरकार के कार्यकाल में हुई नियुक्ति प्रक्रिया के संबंध में बताया कि कुल 414 पदों के लिए की गई प्रक्रिया की जांच के बाद 394 उम्मीदवारों को वैध पाया गया है। इन 394 उम्मीदवारों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं, पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुई करीब 1,700 अथवा उससे अधिक नियुक्तियों की प्रक्रियाओं को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। हग्रामा मोहिलारी के अनुसार, इन नियुक्ति प्रक्रियाओं में लिखित परीक्षा आयोजित होने के बावजूद साक्षात्कार नहीं लिया गया था अथवा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी नहीं हुई थीं। तकनीकी एवं नियमावली संबंधी त्रुटियों के कारण इन नियुक्तियों को रद्द कर केंद्रीय नियुक्ति बोर्ड के माध्यम से नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत नया सर्कुलर जारी कर उचित साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद पुनः नियुक्तियां की जाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

