बीटीसी के उप मुख्य रिहोन दैमारी ने मीडिया से किया संवाद
कोकराझार (असम), 7 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के उप मुख्य तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रभारी रिहोन दैमारी ने बुधवार को बीटीसी क्षेत्र के मान्यता प्राप्त मीडिया कर्मियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम का आयोजन बीटीसी के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पत्रकार समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा, सरकार और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बीटीसी क्षेत्र के विकास में मीडिया की भूमिका को मजबूत करना था। इस दौरान बीटीसी क्षेत्र के पांच जिलों से पहुंचे पत्रकारों ने विभाग के समक्ष अपनी समस्याएं, सुझाव और विभिन्न मुद्दों को रखा।
बैठक में बोडोलैंड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (बीजेए) के अध्यक्ष ने पत्रकारों से संबंधित 15 मांगों का एक ज्ञापन विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया। इनमें पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा, प्रेस क्लब कार्यालयों के निर्माण, प्रेस टूर के आयोजन तथा प्रेस क्लबों के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में सुधार सहित अन्य मांगें शामिल थीं।
दैमारी ने अपने संबोधन में बीटीसी सरकार को निरंतर सहयोग देने के लिए क्षेत्र के पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि बीटीसी सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद आने वाले वर्षों में भी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों का सहयोग आवश्यक है। साथ ही उन्होंने ज्ञापन पर विचार करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर बीटीसी के आई एंड पीआर विभाग के सचिव मानस दास, प्रदीप कुमार ब्रह्म, गन चंद्र रॉय एवं मीडिया कर्मी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

