home page

बीटीसी प्रमुख ने ‘चीफ रिलिफ फंड’ किया लॉन्च

 | 

कोकराझार (असम), 30 जुलाई (हि.स.)। बोड़ोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) बजट सत्र 2026-27 के समापन के बाद आज कोकराझार स्थित बीटीसी भवन में बीटीसी के मुख्य कार्यकारी पार्षद हग्रामा महिलारी ने ‘चीफ रिलिफ फंड’ का शुभारंभ किया।

इस राहत कोष का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान करना, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना, शिक्षा में सहयोग देना, आपदा राहत कार्यों को समर्थन देना तथा बीटीसी क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए कार्य करना है। यह सहायता धर्म, जाति, समुदाय, भाषा या किसी भी भेदभाव से परे प्रदान की जाएगी।

कोष में योगदान देने के इच्छुक लोग www.chiefrelieffund.in के माध्यम से दान कर सकते हैं। सहायता या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9435027116 पर संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर उद्यमी मोहम्मद इलियास अंसारी ने 5 लाख रुपये तथा ईएम लखी दास ने 1 लाख रुपये का चेक बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी को राहत कोष के लिए सौंपा।

महिलारी ने आम जनता, विभिन्न संगठनों और शुभचिंतकों से इस फंड में उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की, ताकि जरूरतमंद लोगों के कल्याण और सहायता के लिए इस पहल को और मजबूत बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा