बीटीसी उपाध्यक्ष बिजित ग्वरा नार्जारी को दी गई श्रद्धांजलि
कोकराझार (असम), 27 अगस्त (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य हग्रामा महिलारी ने बुधवार को दिवंगत हुए बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल लेजिस्लेटिव असेंबली (बीटीसी एवंए) के उपाध्यक्ष बिजित ग्वरा नार्जारी के पार्थिव शव पर आज पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
महिलारी ने नार्जारी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
नार्जारी का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह कोकराझार स्थित बीटीसी सचिवालय लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बीटीसी के उपमुख्य रिहोन दैमरी, प्रधान सचिव मुकेश चंद्र साहू, बीटीएडी के आईजीपी बिजॉय गिरी कुलिगा, अतिरिक्त प्रधान सचिव गैपीनाथ बर्गियारी, प्रांजीत कुमार वारि, बोडो साहित्य सभा के अध्यक्ष, कार्यकारी सदस्य (ईएम), एमसीएलए सचिव, कोकराझार के जिला आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
बिजित ग्वरा नार्जारी बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के 26 नंबर दारांगाजुली परिषद निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और वर्तमान में बीटीसीएलए के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन से समाज और सार्वजनिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने नार्जारी के जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया। बीटीसी नेतृत्व एवं अधिकारियों ने इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी एकजुटता और संवेदना व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

