home page

बीटीसी के तीन निर्वाचन क्षेत्रों के उपचुनाव जल्द होने की संभावना; अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को आएगी

 | 

गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के तीन परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में जल्द उपचुनाव होने की उम्मीद है। राज्य चुनाव आयोग ने काजलगांव, दरंगाजुली और रौता निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाता सूची तैयार करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है।

कार्यक्रम के अनुसार, इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाता सूची का मसौदा 7 नवंबर को जारी किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 21 नवंबर तय की गई है। सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 27 नवंबर तक कर दिया जाएगा।

बीटीसी के इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों में प्रस्तावित उपचुनावों से पहले मतदाता सूची में संशोधन महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। हालांकि, राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी जानकारी में अभी तक मतदान की तारीखों का उल्लेख नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय