मणिपुर में तीन अलग-अलग अभियानों में ब्राउन शुगर जब्त, हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
इम्फाल, 30 जून (हि.स.)। मणिपुर में 29 जून को सुरक्षा बलों और पुलिस ने तीन अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मादक पदार्थ, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया।
मणिपुर पुलिस ने आज सोशल मीडिया के जरिए अपने आधिकारिक बयान में बताया है कि सेनापति जिले के टी-खुलेन नाका चेक पोस्ट पर सुरक्षा बलों ने एक टाटा योद्धा वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान वाहन चालक हेलखो किपगेन (45) और यात्री हैटनेलहिंग किपगेन (40), दोनों कांगपोकपी जिले के निवासी, को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से करीब 530 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर से भरे 42 साबुनदानी, वाहन तथा 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
वहीं, जिरीबाम जिले के जिरीबाम थाना क्षेत्र के एक जंगल से मणिपुर पुलिस ने छह एसएलआर राइफल, एक एके राइफल, पांच मैगजीन तथा विभिन्न कैलिबर के 625 जीवित कारतूस बरामद किए।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र के फुबाला पैटन के निकट लोकटक झील के फुमदी (तैरते जैविक द्वीप) में छिपाकर रखे गए हथियारों और युद्ध सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में एक आरपीजी लॉन्चर, दो पिस्तौल, दो हैंड ग्रेनेड, दो आरपीजी ग्रेनेड, दो लाथोड बम, एक इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार शेल, एक आर्टिलरी शेल, विभिन्न कैलिबर के 15 कारतूस, एक डेटोनेटर, मैगजीन, तीन ट्यूब लॉन्चर, तीन बुलेटप्रूफ हेलमेट तथा अन्य सुरक्षात्मक सामग्री शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है और बरामद हथियारों व मादक पदार्थों के स्रोत तथा उनसे जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

