home page

घूसकांड में फंसे एसीएस अधिकारी लाचित दास की मुश्किलें बढ़ीं, रिश्तेदार के फ्लैट से करोड़ों की नकदी बरामद

 | 
घूसकांड में फंसे एसीएस अधिकारी लाचित दास की मुश्किलें बढ़ीं, रिश्तेदार के फ्लैट से करोड़ों की नकदी बरामद


गुवाहाटी, 23 मई (हि.स.)। घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए असम सिविल सेवा (एसीएस) अधिकारी लाचित कुमार दास की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय द्वारा की गई छापेमारी में उनकी शाली के फ्लैट से 1 करोड़ 17 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भी जब्त किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, कल तलाशी अभियान के दौरान अधिकारी के घर से 50 लाख रुपये से अधिक नकद तथा 500 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण बरामद हुए थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह संपत्ति आय से अधिक हो सकती है। बरामद नकदी और आभूषणों के स्रोत को लेकर अब विस्तृत वित्तीय जांच शुरू कर दी गई है।

लाचित कुमार दास भूमि अभिलेख निदेशालय में अतिरिक्त भूमि अभिलेख अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें गुरुवार को 45 हजार रुपये की घूस लेते समय सतर्कता टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की थी।

गिरफ्तारी के बाद सतर्कता विभाग ने उनसे जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नकदी, आभूषणों के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं। जांचकर्ता अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद संपत्ति अवैध कमाई से अर्जित की गई थी या इसके पीछे किसी बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क का संबंध है।

इस घटना के बाद सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सतर्कता विभाग ने संकेत दिया है कि जांच के आधार पर आगे और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश