डिब्रूगढ़ के टिंगखांग में ब्रह्मपुत्र का रौद्र रूप, 70 मीटर भूमि नद में समाई
डिब्रूगढ़ (असम), 08 जुलाई (हि.स.)। डिब्रूगढ़ जिले के टिंगखांग के माटियाखाना क्षेत्र में ब्रह्मपुत्र नदी ने भीषण कटाव का रूप धारण कर लिया है। देखते ही देखते नदी ने लगभग 70 मीटर भूमि को अपने आगोश में ले लिया।
तेज कटाव से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने राहत एवं कटाव-रोधी कार्य शुरू कर दिया है। नदी के बढ़ते कटाव को रोकने के लिए विभाग की टीमें पूरी रात में ही आपातकालीन कार्य में जुटी रहीं।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में ब्रह्मपुत्र नदी के तट कटाव से ग्रामीणों में दहशत की स्थिति देखी जाती है। सरकार की ओर से हर बार स्थायी समाधान का अश्वासन दिया जाता है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार होता नहीं दिख रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

