home page

बीपीएफ बोड़ोलैंड के 11 सीटों पर खड़े करेगी उम्मीदवार: हग्रामा

 | 
बीपीएफ बोड़ोलैंड के 11 सीटों पर खड़े करेगी उम्मीदवार: हग्रामा


कोकराझाड़ (असम), 05 मार्च (हि.स.)। बोड़ोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के अध्यक्ष हग्रामा महिलारी ने कहा है कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में बोड़ोलैंड की कुल 15 सीटों में से 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उनकी पार्टी चुनाव बीपीएफ-भाजपा के नाम से नहीं बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बैनर तले लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीपीएफ अपने उम्मीदवारों की सूची भी एनडीए के नाम पर ही जारी करेगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान आज महिलारी ने कहा कि पार्टी गठबंधन के साथ समन्वय बनाकर चुनावी तैयारी कर रही है और सभी निर्णय एनडीए के साझा मंच के तहत लिए जाएंगे। उनका कहना है कि गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ने से क्षेत्र में एनडीए की स्थिति और मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि जिन 11 विधानसभा क्षेत्रों में बीपीएफ को अपने उम्मीदवार उतारने हैं, वहां संभावित उम्मीदवारों को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा जारी है। किस सीट से किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, इस पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जा रहा है।

महिलारी ने कहा कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारना चाहती है जो मजबूत हों और क्षेत्र में एनडीए की जीत सुनिश्चित कर सकें। उम्मीदवारों के नाम अंतिम रूप दिए जाने के बाद जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश