home page

बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में बीपीएफ की चुनाव संचालन समिति गठित, कार्यालय का उद्घाटन

 | 
बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में बीपीएफ की चुनाव संचालन समिति गठित, कार्यालय का उद्घाटन


कोकराझार (असम), 22 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए 4 नंबर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) की चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज कोकराझार जिले के मागुरमारी बाजार में पार्टी के चुनावी कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

कार्यालय उद्घाटन के बाद आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में 4 नंबर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र के लिए बीपीएफ की चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष के रूप में कुमुद नार्जारी तथा मुख्य समन्वयक के रूप में मिरहाज हुसैन को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में क्षेत्र के बीपीएफ उम्मीदवार रूपम चंद्र राय भी उपस्थित रहे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही आगामी चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक मजबूत और सुव्यवस्थित चुनाव प्रबंधन प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर बीटीसी के कार्यकारी सदस्य देरहासात बसुमतारी, कर्मेश्वर राय, पार्षद धनेश्वर ग्यारी, एजामुल हक सहित बीपीएफ के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने और क्षेत्र में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में बीपीएफ को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा