नदी में डूबे तेरह वर्षीय युवक का शव बरामद
इटानगर, 08 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर ज़िले के यज़ाली में खल और पान्योर नदियों के संगम पर तेज़ बहाव में बहे 13 वर्षीय लिखा ताज़ाप का शव बुधवार की सुबह यज़ाली पुलिस स्टेशन के पास से चार दिन की तलाश के बाद बरामद हुआ।
यज़ाली पुलिस के अधिकारी ताबोंग पासर के अनुसार, यह घटना 5 जुलाई को हुई थी, जब ताज़ाप और उसका छोटा भाई नदी में नहाने गये थे, इसी दौरान छोटा भाई डूबने लगा वह बहुत बहादुरी दिखाते हुए, अपने भाई को बचाने के लिए पानी में कूदा गया, वह अपने छोटे भाई को तो बचा लिया, लेकिन स्वयं तेज़ बहाव में बह गया।
पुलिस अधिकारी ताबोंग पासर की देखरेख में तुरंत बड़े पैमाने पर तलाश और बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिसकर्मी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवकों ने लगातार चार दिनों तक खोजबीन की।
बुधवार की सुबह, स्थानीय लोगों ने यज़ाली पुलिस स्टेशन के पास चट्टानों के बीच फंसा हुआ शव देखा और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को निकाला और ज़रूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, अंतिम संस्कार के लिए शोक संतप्त परिवार को शव सौंप दिया।
अधिकारियों ने एक बार फिर लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं से अपील की है कि वे मॉनसून के मौसम में नदियों में न जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि पानी का बढ़ता स्तर और तेज़ बहाव कुछ ही मिनटों में जानलेवा हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

