सीएसआर के क्षेत्र में बंगाईगांव रिफाइनरी को मिला उत्कृष्टत सम्मान
बंगाईगांव (असम), 06 नवम्बर (हि.स.)। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की बंगाईगांव रिफाइनरी ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए वित्त वर्ष 2025-26 का प्रतिष्ठित सीएसआर उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। रिफाइनरी प्रभाग के अंतर्गत प्रदान किया गया यह सम्मान बंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा सामाजिक विकास, जनकल्याण और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की पहचान है।
रिफाइनरी की ओर से आज बताया गया है कि बंगाईगांव रिफाइनरी अपने परिचालन क्षेत्र के आसपास के समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से निरंतर विभिन्न सीएसआर गतिविधियों का संचालन कर रही है। विशेष रूप से बंगाईगांव, चिरांग और कोकराझार जिलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं तथा जनकल्याण से जुड़ी अनेक पहलें की गई हैं।
रिफाइनरी की सीएसआर गतिविधियों का प्रमुख उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना तथा स्थानीय समुदायों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में हाल ही में रिफाइनरी द्वारा सीएसआर पहल के तहत चिरांग और कोकराझार जिलों को लगभग 4.61 करोड़ रुपये मूल्य के चिकित्सा उपकरण एवं जनोपयोगी वाहन उपलब्ध कराए गए, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने में मदद मिली है।
यह सम्मान बंगाईगांव रिफाइनरी की सामाजिक प्रतिबद्धता, सतत विकास के प्रति समर्पण तथा समाज के प्रति उत्तरदायी कॉर्पोरेट संस्था के रूप में उसकी भूमिका को रेखांकित करता है। यह उपलब्धि रिफाइनरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों और स्थानीय समुदायों के साथ उसके मजबूत संबंधों का भी परिचायक है।
इस उपलब्धि के साथ बंगाईगांव रिफाइनरी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि उसकी विकास यात्रा केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को भी समान प्राथमिकता देती है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

