गोलाघाट सिविल अस्पताल परिसर में महिला का सड़ा-गला शव बरामद
गोलाघाट (असम), 18 नवंबर (हि.स.)। असम के गोलाघाट में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कुशल कोंवर असैनिक चिकित्सालय परिसर में एक शौचालय की टंकी के ऊपर मिला।
आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का शव आंशिक रूप से सड़ चुका था। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। अस्पताल परिसर में शव मिलने की घटना से कई सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव अस्पताल परिसर में कैसे पहुंचा।
इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

