बोडोलैंड सिल्क की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ी संभावनाएं : बिस्वजीत दैमारी
कोकराझार (असम), 18 अगस्त (हि.स.)। असम के कैबिनेट मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने मंगलवार को कोकराझार के अदाबारी स्थित बोडोलैंड सिल्क पार्क का दौरा कर रेशम उत्पादन और उससे जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बोडोलैंड सिल्क की गुणवत्ता और बाजार विस्तार की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
दैमारी के पास हथकरघा, कपड़ा एवं रेशम उत्पादन, खेल एवं युवा कल्याण, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता तथा स्वदेशी एवं आदिवासी आस्था और संस्कृति विभाग हैं। दौरे के दौरान उन्होंने बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के रेशम उत्पादन विभाग के कार्यकारी सदस्य कर्मेश्वर राय और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सिल्क सेक्टर के विकास, उत्पादन बढ़ाने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार तथा बोडोलैंड सिल्क के लिए नए बाजार तलाशने पर चर्चा हुई। दैमारी ने कहा कि बाजार में बोडोलैंड सिल्क की अच्छी मांग है और इसमें राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने की पर्याप्त क्षमता है।
उन्होंने कहा कि सरकार रेशम उत्पादन बढ़ाने, सिल्क उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर करने और मार्केटिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। साथ ही निर्यात की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंत्री ने बोडोलैंड सिल्क पार्क को रेशम उत्पादन और वैल्यू एडिशन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्क की सुविधाओं को मजबूत करने से स्थानीय रेशम उत्पादक किसानों, बुनकरों और उद्यमियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
बोडोलैंड सिल्क पार्क में रेशम की कताई, बुनाई, प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं। मंत्री का यह दौरा क्षेत्र के पारंपरिक रेशम उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और सिल्क उद्योग को मजबूत करने के प्रयासों के बीच हुआ है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

