विशिष्ट बोडो साहित्यकार कमलाकांत मुसाहारी का निधन
-बोडो साहित्य सभा के उपाध्यक्ष ने 60 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
कोकराझार (असम), 28 सितम्बर (हि.स.)। विशिष्ट बोडो साहित्यकार तथा बोडो साहित्य सभा के उपाध्यक्ष कमलाकांत मुसाहारी का निधन हो गया। उन्होंने आज प्रातःकाल 2 बजकर 20 मिनट पर गुवाहाटी के नेमकेयर अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। निधन के समय उनकी आयु 60 वर्ष थी।
कमलाकांत मुसाहारी बोडो भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले साहित्यकारों में शामिल थे। उन्होंने पूर्व में बोडो साहित्य सभा के महासचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी। वर्तमान में वे बोडो साहित्य सभा के उपाध्यक्ष पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कमलाकांत मुसाहारी मधुमेह से पीड़ित थे। कुछ दिन पूर्व वे अपने घर की सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नेमकेयर अस्पताल में उपचार के दौरान ही उनका निधन हो गया।
कमलाकांत मुसाहारी के निधन की खबर से बोडो साहित्य एवं सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर बोडो साहित्य सभा सहित विभिन्न संगठनों, साहित्यकारों, कलाकारों और उनके असंख्य प्रशंसकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए साहित्य एवं भाषा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण किया गया। उनके निधन को बोडो भाषा-साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

