home page

भाकिसं के सीमावर्ती कार्य प्रमुख ने असम-भूटान सीमा क्षेत्र का किया दौरा, किसानों की समस्याएं जानीं

 | 
भाकिसं के सीमावर्ती कार्य प्रमुख ने असम-भूटान सीमा क्षेत्र का किया दौरा, किसानों की समस्याएं जानीं


तामुलपुर (असम), 15 अगस्त (हि.स.)। भारतीय किसान संघ (भाकिसं) के अखिल भारतीय सीमावर्ती कार्य प्रमुख प्रकाश नारायण तिवारी ने शनिवार को असम-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत के सीमावर्ती इलाकों के साथ भूटान की ओर के सीमा क्षेत्रों का भी भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया।

तिवारी ने सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों से मुलाकात कर उनकी भूमि संबंधी समस्याओं और अन्य चुनौतियों की जानकारी ली। किसानों ने मानव-हाथी संघर्ष, भूमि का पट्टा नहीं मिलने और सरकारी योजनाओं का सीमावर्ती इलाकों में अपेक्षित रूप से क्रियान्वयन नहीं होने समेत विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

इसके बाद तामुलपुर जिले के नागरीजुली ब्लॉक के सीमावर्ती किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें भारतीय किसान संघ के उद्देश्यों, पिछले वर्ष की उपलब्धियों और आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सदस्यता विस्तार, ग्राम इकाइयों के गठन तथा किसानों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने जैसे विषय भी उठाए गए।

बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों में भारतीय किसान संघ की गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान खगेन शर्मा को नागरीजुली खंड के सीमावर्ती कार्यों का समन्वयक नियुक्त किया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय