गांधी जयंती पर असम भाजपा ने चलाया राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान
गुवाहाटी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राज्यभर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विभिन्न जिलों और मंडलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, पार्कों तथा अन्य क्षेत्रों में साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता पैदा करने का प्रयास किया।
भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता जयंत कुमार गोस्वामी ने एक बयान में बताया कि महात्मा गांधी के स्वच्छता एवं साफ-सफाई के आदर्शों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से राज्यभर में यह अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर स्वच्छ भारत अभियान को जन आंदोलन के रूप में और मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया।
गोस्वामी ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने गुवाहाटी के भरलुमुख स्थित तरुण राम फूकन पार्क के सामने शहीद बेदी के निकट आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सेंट्रल गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय गुप्ता सहित भरलुमुख मंडल के विभिन्न स्तरों के पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वच्छता एवं साफ-सफाई को महत्वपूर्ण आधार मानते थे। गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से देशभर में स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा की गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल गांधी जयंती के दिन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी निरंतर जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के तहत स्वच्छता का संदेश आगे भी जारी रखेंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

