(अपडेट) मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने किया भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ का शुभारंभ
गुवाहाटी, 28 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ का शुभारंभ शनिवार को ऐतिहासिक ढेकियाजुली स्थित गुप्तेश्वर मंदिर परिसर से किया गया। यह यात्रा सुबह 10 बजे असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया की उपस्थिति में प्रारंभ हुई।
ढेकियाजुली का ऐतिहासिक महत्व 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन से जुड़ा हुआ है, जब ब्रिटिश शासन के खिलाफ हुए जनआंदोलन में कई स्वतंत्रता सेनानियों ने यहां अपने प्राणों की आहुति दी थी। पार्टी नेताओं ने कहा कि शहीदों की पावन भूमि से यात्रा की शुरुआत करना राज्य के उज्ज्वल भविष्य के प्रति संकल्प का प्रतीक है।
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता मानस शरनिया ने कहा है कि ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनविश्वास को मजबूत करने और विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अभियान है। कार्यक्रम स्थल पर भारी जनसमूह उमड़ा और समर्थकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अपने संबोधन में राज्य के समग्र विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, उद्योग एवं रोजगार सृजन तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लक्ष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” और “विकसित असम” के विजन को साकार करने के लिए सभी से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मानस शरनिया ने कहा कि ढेकियाजुली में जनता की व्यापक भागीदारी भाजपा के नेतृत्व में सुरक्षित, सशक्त और विकसित असम के निर्माण के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा गुप्तेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर बरसला, तेजपुर, नदुआर और रंगापाड़ा क्षेत्रों से गुजरेगी।
तेजपुर, जिसे असम में साहित्य, संगीत और रंगमंच का प्रमुख केंद्र माना जाता है, अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की कर्मभूमि रहा है। ज्योति प्रसाद अग्रवाला, विष्णु राभा, फणि शर्मा और पद्मनाथ गोहाईं बरुवा जैसे महान व्यक्तित्वों ने यहां से असम की साहित्यिक और सांस्कृतिक धारा को समृद्ध किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

