खिलंजिया अधिकारों की रक्षा का संकल्प, ‘मौन आक्रमण’ के खिलाफ चुनाव: भाजपा
गुवाहाटी, 22 मार्च (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव राज्य के स्वदेशी (खिलंजिया) लोगों के अधिकारों और अस्मिता की रक्षा का संकल्प है, जिसे उसने “बंगाली मूल के मुसलमानों के मौन आक्रमण” के खिलाफ लड़ाई बताया है।
पार्टी के प्रवक्ता किशोर कुमार भट्टाचार्य ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के कारण असमिया जातीयता को कमजोर किया और बड़े पैमाने पर भूमि अतिक्रमण को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि 2016 के बाद से भाजपा सरकार ने अतिक्रमण हटाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और अब तक लगभग 1.5 लाख बीघा भूमि मुक्त कराई जा चुकी है।
भाजपा ने आगामी पांच वर्षों में पांच लाख बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने का लक्ष्य रखा है। प्रवक्ता ने असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिलने का भी उल्लेख किया और विश्वास जताया कि 9 अप्रैल को होने वाले चुनाव में राज्य की जनता भाषा, संस्कृति और भौगोलिक सुरक्षा के हित में भाजपा-नीत राजग को पुनः सत्ता में लाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

