home page

असम में 24 मार्च से भाजपा का चुनाव अभियान शुरू, मोदी-शाह करेंगे नेतृत्व

 | 
असम में 24 मार्च से भाजपा का चुनाव अभियान शुरू, मोदी-शाह करेंगे नेतृत्व


गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 24 मार्च से राज्यव्यापी चुनाव अभियान शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को बताया कि इस अभियान का नेतृत्व पार्टी के शीर्ष राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेता करेंगे।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों और रैलियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया समेत कई वरिष्ठ नेता भी अभियान में शामिल होंगे और मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह घोषणा भाजपा की आक्रामक चुनावी रणनीति को दर्शाती है, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व की मजबूत मौजूदगी के साथ जनसमर्थन जुटाने पर जोर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कल पार्टी की केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने 126 में से भाजपा गठबंधन के तहत मिली 89 में से 88 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी, जबकि सिसिबरगांव सीट के उम्मीदवार की घोषणा जल्द की जाएगी।

उम्मीदवार चयन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और नाथ समुदाय को संतुलित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सूची पर संतोष जताया है और भाजपा के बेहतर प्रदर्शन को लेकर विश्वास व्यक्त किया है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तहत सीट बंटवारे में भाजपा ने अपनी सहयोगी असम गण परिषद को 26 सीटें आवंटित की हैं। साथ ही बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 11 सीटें दी गई है। डॉ. सरमा ने बताया कि उन्होंने आज अगप नेतृत्व के साथ बैठक की है और पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। इसके अलावा बीपीएफ भी शीघ्र अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी पुष्टि की कि टंकेश्वर राभा, जो राभा हसोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य हैं, आगामी चुनाव में उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश