जुबीन गर्ग की स्मृति में असम भाजपा लगाएगी रक्तदान शिविर
गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी 19 सितंबर को गायक और सांस्कृतिक जगत के लोकप्रिय कलाकार जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर राज्यभर में रक्तदान शिविर आयोजित करेगी। पार्टी की ओर से बताया गया कि असम के सभी 39 संगठनात्मक जिलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन असम प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा की पहल पर किया जा रहा है। 19 सितंबर की सुबह जुबीन गर्ग के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
पार्टी के अनुसार, विभिन्न संगठनात्मक स्तरों के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी रक्तदान कार्यक्रम में हिस्सा लेकर दिवंगत कलाकार को श्रद्धांजलि देंगे। राज्य युवा मोर्चा ने सभी निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया गुवाहाटी स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करेंगे।
भाजपा ने कहा कि जुबीन गर्ग असम की सामूहिक सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं और उनकी स्मृति में आयोजित यह पहल उनके योगदान को श्रद्धांजलि देने का माध्यम होगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

