डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर फ्लाईओवर का नामकरण करने पर मुख्यमंत्री का भाजपा ने जताया आभार
गुवाहाटी, 23 मई, (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने गुवाहाटी के लालगणेश स्थित नवनिर्मित फ्लाईओवर का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा का आभार व्यक्त किया है। पार्टी ने कहा कि यह निर्णय समय की मांग थी और डॉ. मुखर्जी के असम तथा असमिया समाज के प्रति योगदान को सम्मान देने वाला कदम है।
प्रदेश भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट दिलीप कुमार शर्मा ने आज जारी एक बयान में कहा कि स्वतंत्रता के बाद असम को ग्रुपिंग योजना के माध्यम से पाकिस्तान में शामिल करने की साजिश के खिलाफ असम के प्रथम मुख्यमंत्री लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै के नेतृत्व और दृढ़ता को डॉ. मुखर्जी ने खुला समर्थन दिया था। उन्होंने दावा किया कि उस समय जब जवाहरलाल नेहरू ग्रुपिंग व्यवस्था के पक्ष में थे, तब महात्मा गांधी की कड़ी भूमिका और डॉ. मुखर्जी के प्रत्यक्ष सहयोग ने गोपीनाथ बरदलै को इसके खिलाफ संघर्ष करने का साहस और प्रेरणा प्रदान की।
बयान में कहा गया कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1940-41 के दौर में असम के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और एक प्रखर राष्ट्रवादी तथा असम हितैषी नेता के रूप में स्वयं को स्थापित किया।
दिलीप कुमार शर्मा ने यह भी कहा कि डॉ. मुखर्जी ने असमिया भाषा को माध्यम के रूप में स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति रहते हुए डॉ. मुखर्जी ने मातृभाषा आधारित शिक्षा को महत्व दिया और असमिया भाषा को कक्षा 10 तक माध्यम के रूप में मान्यता दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि जेबी कालेज को मान्यता दिलाने में भी डॉ. मुखर्जी की भूमिका रही।
बयान में आगे कहा गया कि डॉ. मुखर्जी ने असम में विश्वविद्यालय स्थापना आंदोलन को प्रोत्साहित किया। साथ ही उनके पिता सर आशुतोष मुखर्जी को कलकत्ता विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा में असमिया भाषा को स्थापित करने का श्रेय भी दिया गया।
भाजपा ने कहा कि असम हितैषी और महान व्यक्तित्व के धनी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सम्मान में किसी संस्थान, सड़क या फ्लाईओवर का नामकरण करना समय की आवश्यकता थी। पार्टी ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री को पुनः धन्यवाद ज्ञापित किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

