भाजपा नेता ने अजमल पर साधा निशाना, साम्प्रदायिक राजनीति का लगाया आरोप
गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तथा बिहपुरिया क्षेत्र से उम्मीदवार भूपेन बोरा ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उनकी राजनीति साम्प्रदायिकता पर आधारित है और वह इसके बिना राजनीति नहीं कर सकते।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में बोरा ने कहा कि अजमल हमेशा से विभाजनकारी राजनीति पर निर्भर रहे हैं और साम्प्रदायिकता के बिना उनकी राजनीति संभव नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने ही उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया, जिसके कारण वह आज प्रभावशाली बने हुए हैं।
भाजपा नेता प्रशांत फूकन ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों के चलते अजमल को राजनीतिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिला।
भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि आगामी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए एआईयूडीएफ, असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं का सहारा ले रही है, जिन्हें उन्होंने कट्टर इस्लामिक नेता बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

