home page

नगांव उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, संगठन की एकजुटता का किया दावा

 | 
नगांव उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, संगठन की एकजुटता का किया दावा


गुवाहाटी, 14 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज करते हुए दावा किया है कि पार्टी पूरी संगठनात्मक ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है, जबकि कांग्रेस आंतरिक गुटबाजी और लॉबी की राजनीति में उलझी हुई है।

भाजपा के नामित उम्मीदवार और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा 16 सितंबर को नगांव सदर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी के अनुसार, इस मौके पर नगांव और मोरीगांव जिलों से करीब 50 हजार भाजपा कार्यकर्ता नगांव शहर के डॉसन हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में एकत्र होंगे और वहां से एक विशाल जुलूस के रूप में रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय तक पहुंचेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया, असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका और जयंत मल्ल बरुवा सहित दोनों जिलों के सभी एनडीए विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा ने बताया कि बूथ, मंडल और विभिन्न मोर्चों के स्तर पर चुनावी गतिविधियां तेज कर दी गई हैं।

प्रदेश भाजपा मीडिया पैनलिस्ट प्रियंका तामुली ने सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी भवन में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा जहां पूरी संगठनात्मक शक्ति के साथ चुनाव की तैयारी कर रही है, वहीं कांग्रेस में उम्मीदवार घोषित होने के बाद भी आंतरिक मतभेद समाप्त नहीं हुए हैं।

तामुली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में गुटीय हित, नेताओं के बीच अविश्वास और एक-दूसरे को राजनीतिक रूप से पीछे छोड़ने की होड़ जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अभियान केवल उम्मीदवार पर निर्भर नहीं है, बल्कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और पार्टी के मजबूत संगठन की सामूहिक ताकत पर आधारित है।

उन्होंने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और चाय जनजाति मोर्चा अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि नगांव लोकसभा उपचुनाव केवल दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला नहीं है, बल्कि यह मजबूत और एकजुट संगठन तथा बिखरे हुए संगठन के बीच निर्णायक चुनावी लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस और एआईयूडीएफ को हराने तथा देवाशीष शर्मा की बड़ी जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर मैदान में उतर चुके हैं।

तामुली ने विश्वास जताया कि नगांव लोकसभा क्षेत्र के मतदाता कांग्रेस की कथित गुटबाजी और लॉबी की राजनीति को खारिज कर भाजपा की एकजुट एवं विकासोन्मुख राजनीति के पक्ष में निर्णायक जनादेश देंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश