home page

असम की स्वदेशी अस्मिता की रक्षा के लिए भाजपा प्रतिबद्ध : दिलीप सैकिया

 | 
असम की स्वदेशी अस्मिता की रक्षा के लिए भाजपा प्रतिबद्ध : दिलीप सैकिया


गुवाहाटी, 26 मार्च (हि.स.)। असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम के स्वदेशी लोगों के अधिकार, पहचान और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश

भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सैकिया ने कहा कि ऐतिहासिक असम आंदोलन के समय से ही भाजपा राज्य की जनता के साथ खड़ी रही है। उन्होंने 1983 के विवादित चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए चुनाव का बहिष्कार किया था, जबकि वामपंथी और तथाकथित धर्मनिरपेक्ष ताकतों ने आंदोलन का विरोध किया और चुनाव में भाग लिया।

सैकिया ने कहा कि आईएमडीटी अधिनियम की भेदभावपूर्ण प्रकृति को सर्वोच्च न्यायालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के संरक्षण में बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व में एआईयूडीएफ ने राज्य के अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में अपना प्रभाव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि 2016 तक लंबे समय तक कांग्रेस शासन के कारण प्रशासनिक कमजोरियों ने एनआरसी जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को जटिल बना दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के बसने को बढ़ावा दिया। सैकिया ने कहा कि राज्य की युवा पीढ़ी इन तथ्यों से काफी हद तक अनभिज्ञ है, इसलिए इन मुद्दों को सार्वजनिक विमर्श में लाना जरूरी है।

कांग्रेस के “नतुन बड़ असम” नारे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासनकाल में सरकारी भूमि को अवैध कब्जाधारियों के हवाले किया गया। उन्होंने बताया कि 2016 में बटद्रवा में शुरू किए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद भाजपा सरकार ने कब्जाई गई जमीन को मुक्त कर श्रीमंत शंकरदेव की जन्मस्थली पर 217 करोड़ रुपये की लागत से श्रीमंत शंकरदेव आविर्भाव क्षेत्र का विकास किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में लगभग 1.5 लाख बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। सैकिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का “नतुन बड़ असम” एजेंडा अवैध घुसपैठियों को संरक्षण देने और स्वदेशी असमिया समाज के अधिकारों को कमजोर करने की दिशा में है।

सैकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य सरकार के नेतृत्व में भाजपा भविष्य में भी असम की अस्मिता, संस्कृति और स्वदेशी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश