कांग्रेस और इंडी गठबंधन की भाषा भारत विरोधी ताकतों जैसी: दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से बुधवार को कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए राज्य के तीन प्रमुख शहरों गुवाहाटी, जोरहाट और सिलचर में जन जागरण रैली निकाली गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने गुवाहाटी में रैली का नेतृत्व किया। पार्टी के अनुसार, खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान से ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर तक निकाली गई रैली में 50 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।
रैली को संबोधित करते हुए सैकिया ने कहा कि देश में लोकतंत्र को मजबूत करने और राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए हजारों लोग एकत्र हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब सत्ता से बाहर होती है, तो उसके नेता अस्थिर हो जाते हैं और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने लगते हैं। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन सहित कुछ विपक्षी ताकतें संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और न्यायपालिका की गरिमा को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। भाजपा ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।
सैकिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यदि उनके पास इसके प्रमाण हैं, तो उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान उन्हें प्रस्तुत क्यों नहीं किया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख करते हुए दावा किया कि मतदाता सूची में मृत मतदाताओं के नाम और एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया पर कांग्रेस को आपत्ति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर प्रक्रिया 2024 के बाद शुरू हुई, इसलिए उससे पहले हुए चुनावों में कांग्रेस की हार के लिए पार्टी किसे जिम्मेदार ठहराएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी से कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और केरल में ईवीएम के माध्यम से चुनाव जीतने वाली सरकारों के संदर्भ में भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया।
भाजपा ने 13 अक्टूबर को नलबाड़ी से जन जागरण अभियान की शुरुआत की थी। पार्टी के अनुसार, बुधवार को गुवाहाटी के अलावा जोरहाट और सिलचर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने रैलियों में भाग लिया।
गुवाहाटी की रैली में भाजपा के संगठन महामंत्री रवींद्र राजू, कैबिनेट मंत्री विश्वजीत दैमारी और अजंता नेओग, सांसद बिजुली कलिता मेधी, विधायक दिगंत कलिता, दिग्ध रंजन शर्मा और विजय कुमार गुप्ता सहित कई नेता उपस्थित थे। गुवाहाटी नगर निगम के महापौर मृगेन शरणिया तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए।
जोरहाट में आयोजित रैली में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा कि भाजपा जनता का शोषण करने के बजाय समर्पित भाव से उसकी सेवा करती है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण लोग कांग्रेस और अन्य विपक्षी ताकतों के खिलाफ आयोजित रैली में स्वेच्छा से शामिल हुए। कार्यक्रम में मंत्री रामेश्वर तेली और सुशांत बरगोहाईं, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक हितेंद्र नाथ गोस्वामी और रूपज्योति कुर्मी सहित कई नेता मौजूद थे।
इसी तरह सिलचर में आयोजित रैली में मंत्री कौशिक राय और कृष्णेंदु पाल, सांसद परिमल शुक्लवैद्य और डॉ. राजदीप रॉय, विधायक तेरस गोवाला, अमियकांति दास, किशोर नाथ और कामाख्या डे पुरकायस्थ सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

