home page

एसआईआर पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर: किशोर उपाध्याय

 | 
एसआईआर पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर: किशोर उपाध्याय


गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस एक ओर कुछ राज्यों में एसआईआर का विरोध कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस शासित और समर्थित राज्यों में इसी प्रक्रिया का समर्थन किया जा रहा है।

अटल बिहारी वाजपेयी भवन स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उपाध्याय ने केरल, कर्नाटक, पंजाब और तमिलनाडु का उदाहरण देते हुए कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए।

उन्होंने पूर्व एनआरसी समन्वयक प्रतीक हाजेला द्वारा तैयार एनआरसी को असम के मूल निवासियों के लिए 'आत्महत्या का दस्तावेज' करार देते हुए इसमें गंभीर विसंगतियां होने का आरोप लगाया। उन्होंने एनआरसी के पुनरीक्षण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उपाध्याय ने कहा कि भाजपा स्वच्छ एवं पारदर्शी मतदाता सूची, एसआईआर के सफल क्रियान्वयन और एनआरसी के पुनरीक्षण के पक्ष में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी और राजनीतिक हितों के अनुसार अपना रुख बदल रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश